0 आंदोलन को सफल बनाने प्रचार प्रसार में जुटे समाज प्रमुख
राजनांदगांव। अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग का राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन आगामी 11 जून को राजधानी रायपुर में आयोजित किया गया है। आंदोलन को सफल बनाने समाज प्रमुख प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं।
अजाक्स के जिला अध्यक्ष डेविड
भूआर्य एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के जिला अध्यक्ष लेखराम मात्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ एवं सोशल जस्टिस एंड लीगल फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में नौ सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें अजा जजा वर्ग के पदोन्नति में आरक्षण नियम 5 को पुनः अधिसूचित कर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को पदोन्नति में तत्काल लागू करना, बैकलॉग पदों की पूर्ति के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने, जनसंख्या के आधार पर आरक्षण का निर्धारण, आरक्षित वर्गों के बच्चों के छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा को समाप्त करना, फर्जी जाति प्रमाण पत्र धारियों की सेवा समाप्ति, जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण, अजा -जजा उपयोजना का बजट अधिनियम बनाना, छत्तीसगढ़ लोक सेवा अधिनियम 1994 के प्रावधानों को शत प्रतिशत लागू करना तथा पांचवी अनुसूची क्षेत्र के 85 विकास खंडों में स्थानीय प्रशासन का पेसा कानून के तहत प्रभावी क्रियान्वयन करवाना आदि मांगे शामिल है। श्री
भूआर्य व श्री मात्रा सहित प्रहलाद ठाकुर, कपूरचंद डोंगरे, ईश्वर चंद्रवंशी, बी.एन धनगुन, महादेव वाल्दे,रोम सिंह मंडलोई तथा पूरनलाल उईके सहित अन्य लोग आंदोलन के प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। उन्होंने समाज के लोगों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की है।