राजनांदगांव : पुलिस ने निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार फर्म सहित नगर निगम के कार्यपालन अभियंता और दो इंजीनियरों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इस लापरवाही के लिए ठेकेदार फर्म एमएमडी इंटरप्राइजेस के संचालक, उप अभियंता अशोक कुमार देवांगन, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम और कार्यपालन अभियंता संजय कुमार वर्मा को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (1) व 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सूचना मृतक के परिजन देवेन्द्र साहू ने कोतवाली थाने में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 19 अगस्त की रात 10.30 बजे से 11.30 बजे के बीच की है। आकाश साहू कन्हारपुरी से लखोली की ओर जा रहा था। रास्ते में पुलिया के पास करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरा हुआ था ।
अंधेरे में आकाश मोटरसाइकिल समेत गड्ढे में गिर गया। सिर व गर्दन पर गंभीर चोट लगने और पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डाक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण चोट और पानी में डूबना बताया गया है।
पहली बार आपराधिक मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि नाली निर्माण का कार्य नगर निगम द्वारा मे. एमएमडी इंटरप्राइजेस को दिया गया था । निर्माण स्थल पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। इस कारण युवक को जान गंवानी पड़ी। निर्माण में लापरवाही से मौत से जुड़े प्रकरण में शहर में हाल के वर्षों पहली बार आपराधिक मामला दर्ज कराया गया है।
सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई
यह घटना न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ठेकेदारों और इंजीनियरों की जवाबदेही तय करने की भी जरूरत को उजागर करती है। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से त्वरित न्याय और मुआवजे की मांग की है। वार्ड के लोगों ने बताया कि गड्ढा करने के बाद ठेकेदार के साथ ही निगम के अफसराें ने सुरक्षा को लेकर जरा भी गंभीरता नहीं दिखाई। इस लापरवाही का खामियाजा साहू परिवार को भुगतना पड़ गया। परिवार ने अपने एक जवान सदस्य को खो दिया।
जन आक्रोश के बाद प्रशासन हरकत में आया
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने विरोध जताते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। वहीं, कांग्रेस कमेटी ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति का गठन किया है। समिति यह तय करेगी कि हादसे में किस स्तर की लापरवाही हुई और किस अधिकारी को घटना के लिए कितना जिम्मेदार माना जाए।
मर्ग जांच के बाद ठेका फर्म मेसर्स एनएमडी इंटरप्राइसेस के प्रोपराइटर प्रखर श्रीवास्तव, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम,उप अभियंता अशोक देवांगन के खिलाफ धारा 106(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस इनकी जल्द गिरफ्तारी कर सकती है।