राजनांदगांव, शहर के सत्यनारायण धर्मशाला के पीछे मौजूद साड़ी दुकान से 3 लाख रुपए नगद व एक सोने की चेन की चोरी कर ली गई। घटना मंगलवार.बुधवार दरमियानी रात की है। दुकान संचालक जब सुबह दुकान पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना संगम साडी दुकान में हुई है। दुकान तीन मंजिला है। जिसकी छत के रास्ते से आरोपी दुकान में दाखिल हुआ है। दुकान संचालक दीपक बजाज ने दिन में हुई बिक्री की रकम 3 लाख रुपए को गल्ले में ही छोड़ दिया था। जिसकी चोरी कर ली गई। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपए कीमत के एक सोने की चेन की भी चोरी आरोपी ने की है।
पुलिस आसपास के हिस्से में मौजूद सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि त्योहारी सीजन में पुलिस ने पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने का दावा किया है। लेकिन इसी बीच शहर के बाजार क्षेत्र में मौजूद दुकान से इस तरह की चोरी ने पुलिस की दावों पर सवाल खड़े कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी की पतासाजी में टीम लगी गई है।