प्रदेशराजनांदगांव जिला

राजनांदगांव।अनुपस्थित प्राचार्यों पर भड़के डीईओ


0 कहा- नहीं चलेगी मनमानी, देना होगा जवाब
0 बालक शाला डोंगरगांव में हुई समीक्षा बैठक


राजनांदगांव/ डोंगरगांव। कोरोना संक्रमणकाल में बच्चों के लिए स्कूल खुलने की अनिश्चितता के बीच शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अनुपस्थित प्राचार्यों पर डीईओ हेतराम सोम ने बेहद नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मनमानी नही चलेगी। अनुपस्थित प्राचार्यों को देना होगा कारण बताओ नोटिस का जवाब। उन्होंने अलग-अलग सत्र में विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि डोंगरगांव स्थित बालक हायर सेकंडरी स्कूल के सभा हाल में डीईओ ने विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में सभी प्राचार्य, प्रधान पाठक व संकुल समन्वयकों को उपस्थित होना था किंतु बैठक में कई प्राचार्य अनुपस्थित थे। बैठक शुरू होते ही डीईओ श्री सोम ने सबसे पहले उपस्थिति की तस्दीक की जिसमे उन्होंने पाया कि कई प्राचार्य विभिन्न बहाने से अनुपस्थित थे। सभी के नाम व मोबाइल नंम्बर नोट करने के साथ ही चेतावनी दी है कि मनमानी नही चलेगी। सभी अनुपस्थित प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस का जवाब भी देना पड़ेगा और संतोषप्रद जवाब न मिलने पर कार्यवाही भी होगी। बैठक में उन्होंने एजेंडावार सरकारी योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की। शासन के आदेशानुसार शालाओं में प्रवेश निर्धारित मापदंडों के अनुसार नियत तिथि तक आवश्यकरूप से पूर्ण करने पर बल देते हुए उन्होंने स्कूलवार निः शुल्क पुस्तक वितरण, सरस्वती साईकिल वितरण, छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन, वृक्षारोपण, किचन गार्डन, पढ़ई तुंहर दुआर के तहत ऑनलाइन क्लास, मोहल्ला क्लास, लाउडस्पीकर से पढ़ाई, बुलटू के बोल के नवाचारी शिक्षण प्रयोगों की समीक्षा की। इसी तिथि को अम्बागढ़ चौकी में भी समीक्षा बैठक आयोजित थी इस वजह से वे जरा विलंब से जरूर पहुंचे पर हाई व हायर सेकंडरी व सीएसई की बैठक की कमान डीईओ ने स्वयं सम्हाली तो प्रधान पाठको की बैठक डीएमसी भूपेश साहू ने ली।
बैठक में डोंगरगांव के विकास खंड शिक्षा अधिकारी आर एल पात्रे, बीआरसी अरविंद रत्नाकर, एबीओ क्षितिज सोरी, जयंत साहू, सुश्री रश्मि ठाकुर सहित बड़ी संख्या में प्राचार्य, संकुल समन्वयक व प्रधानपाठक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *