भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने राजनांदगांव पहुंचकर ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। आभार कार्यक्रम और रैली निकालकर उन्होंने राजनांदगांव को नमन किया। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ रमन सिंह के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
राजनांदगांव से विधायक डॉ रमन सिंह ने कहा कि भाजपा की इस जीत के पीछे जनता का भाजपा पर विश्वास और संकल्प पत्र (मोदी की गारंटी) है। उन्होंने जीत की वजह घोषणापत्र और पिछले 5 साल की कांग्रेस सरकार की कुनीतियों के प्रति जनता का आक्रोशित होना बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से मिले छग के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय।
जनता को धन्यवाद
उन्होंने राजनांदगांव समेत पूरे प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए लोगों का धन्यवाद दिया। डॉ रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव का जो विकास रुक गया था, अब वो दोबारा शुरू होगा।

डॉ रमन सिंह की आभार रैली में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़।
डॉ रमन सिंह के घर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
वहीं शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा ने डॉ रमन सिंह के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह।
डॉ रमन सिंह ने मुख्यमंत्री साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही डेढ़ दशक के भाजपा शासनकाल के अनुभव को साझा किया। उन्होंने मुलाकात के दौरान कई विषयों पर चर्चा की।