छुरिया-. क्षेत्र में अवैध रूप से कई जगह ईंट भट्ठों की भरमार है । अवैध रूप से नदी नालों के किनारे लाल ईंट का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है । जिनकी शिकायत मिलने पर अब इन अवैध कारोबारियों पर राजस्व विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है । और इन कारोबारियों को अवैध ईंट निर्माण के संबंध में नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर तहसील कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब मांगा गया है। नोटिस मिलते ही अवैध ईंट कारोबारियों में हड़कम्प मच गया है ।
मिली जानकारी अनुसार गांव-गांव में नदी नालों के किनारे बिना अनुमति के अवैध तरीके से ईंट का निर्माण धड़ल्ले से जारी है । इन ईंट भट्ठों के मालिकों के पास न तो खनिज विभाग और न ही पर्यावरण विभाग की अनुमति है । इसके साथ-साथ ही ईंट भट्ठा निर्माण के लिए जिन मापदण्डों का पालन किया जाना है उसका पालन नहीं किया जा रहा है । नदी नालों के किनारे एवं बीच बस्ती में ईंट का निर्माण किया जा रहा है । जिस जमीन में ईंट भट्ठों का निर्माण किया जा रहा है न ही उस जमीन का उनके पास कोई रजिस्ट््रेशन है और न ही कमर्शियल कराया हुआ कोई कागजात । इन अवैध ईंट भट्ठों के संचालकों पर राजस्व विभाग ने शिकंजा कसते हुए लगभग 30 ईंट भट्ठे मालिकों को नोटिस थमाते हुए छत्तीसगढ़ गौण खनिज अधिनियम 1996 में दिए गए प्रावधानों का खुला उल्लंघन मानते हुए तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है । संतोषजनक जवाब नहीं पाये जाने पर गौण खनिज अधिनियम नियमों के तहत कार्यवाही किए जाने का भी उल्लेख किया गया है । नोटिस मिलने से अवैध ईंट भट्ठा कारोबारियों में खलबली मची हुई है ।
‘‘कथन‘‘
‘‘ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी किया गया है । ‘‘
विजयकोठारी
तहसीलदार -छुरिया