राजनांदगांव। पीडीएस की दुकानों में राशन कार्डों का ई-केवाइसी कराना अनिवार्य है। लेकिन जिले में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने अब तक ई-केवाइसी नहीं कराई है। राज्य सरकार ने सालभर के भीतर 6 से अधिक बार इसकी अंतिम तिथि बढ़ा कर लोगों को ई-केवाइसी कराने का अवसर दिया इसके बाद शहरी और ग्रामीण को मिला डेढ़ लाख लोग ई-केवाइसी कराने पीडीएस की दुकानों में नहीं पहुंचे। फूड विभाग ने पीडीएस दुकान संचालकों की बैठक लेकर इस काम में तेजी लाने निर्देशित किया है। खाद्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव ब्लॉक नगरी निकाय, शहरी और ग्रामीण को मिला कर राशन कार्डों में कुल सदस्य संख्या 9 लाख 44 हजार 785 है जिसमें 7 लाख 83 हजार 935 की ई-केवाइसी हो चुकी है। वहीं 1 लाख 60 हजार 850 सदस्य बाकी है। इसमें अधिकांश शहरी क्षेत्र के एपीएल कार्डधारी ई-केवाइसी कराने नहीं पहुंचे। अब तक 82.25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है लेकिन 18 प्रतिशत सदस्य राशन दुकानों तक नहीं पहुंच रहें है। फूड अधिकारी रविन्द्र सोनी ने बताया पीडीएस दुकान संचालकों की बैठक लेकर इस काम में तेजी लाने कहा गया है।