प्रेरणा से ओलंपिक स्तर तक पहुंच सकते हैं खिलाड़ी – कलेक्टर
तेज़ी से विकास की ओर बढ़ता हुआ तीरंदाजी संघ – खुबचंद पारख
हमारा लक्ष्य तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है – राजेन्द्र गोलछा
हमारे खिलाड़ी विश्व स्तर पर नाम रोशन करेंगे – राधेश्याम गुप्ता
राजनांदगांव। युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को संस्कारधानी तीरंदाजी संघ द्वारा एक दिवसीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ, जिसमें खेल के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने और राष्ट्रीयता की भावना को प्रबल करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुए कहा, ‘युवाओं की ताकत देश को बदलने की क्षमता रखती है। यदि हम राष्ट्रीयता की भावना को जागृत रखें, तो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। हमें सोचना चाहिए कि हम देश के लिए क्या कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।’

कलेक्टर ने तीरंदाजी के ऐतिहासिक महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने महाभारत के पात्र एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी लगन और स्वाध्याय ने उन्हें महान धनुर्धर बनाया। उन्होंने कहा ‘यदि हम ओलंपिक जैसे बड़े मंच को लक्ष्य बनाकर मेहनत करें, तो उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं,’।
उन्होंने भारतीय ओलंपिक तीरंदाज लिम्बा राम के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को प्रैक्टिस के दौरान अनुशासन और सावधानी बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता और संघ के संरक्षक खुबचंद पारख ने भी शिरकत की। उन्होंने आयोजन के लिए तीरंदाजी संघ को बधाई देते हुए कहा, ‘संघ निरंतर प्रगति कर रहा है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि संघ के खिलाड़ी नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भाग लें और देश का नाम रोशन करें।’
संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा ने तीरंदाजी संघ के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए बच्चों के लिए नई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संघ तीरंदाजी को प्रोत्साहित करने और अधिक प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि ‘इस प्रशिक्षण शिविर से खिलाडिय़ों को तीरंदाजी में नई तकनीकें सीखने और अपने खेल को निखारने का मौका मिलेगा। मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय के साथ साथ विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।’
कार्यक्रम के अंत में स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर सभी प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करने और देश के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कलेक्टर संजय अग्रवाल, तीरंदाजी संघ के संरक्षक खूबचंद पारख, अध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा, राधेश्याम गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, लीलाधर साहू, देवशरण सेन, राजेश यादव, सुनील साहू, तीरंदाजी संघ के कोच राहुल साहू एवं कुशल रजक सहित खिलाड़ी एवं उनके परिजनों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।