रायपुर,


कबीरधाम जिले के आचार्य पंथ गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय मैदान में 76 वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली तथा जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। सांसद बघेल ने रंगबिरंगे गुब्बारे आसमान में छोडे़। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
समारोह में स्कूली बच्चों ने देश भक्ति, लोक गीत, कला और परंपराओं पर आधारित शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीता। विभिन्न विभागों द्वारा विकास पर आधारित झांकिया निकाली गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 127 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिस्त पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांसद श्री विजय बघेल ने कबीरधाम जिले के शहीद जवानों के परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 10 परेड दलों ने परेड कंमाडर महेश्वर सिंह के नेतृत्व में प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। आकर्षक मार्च पास्ट में सिनियर डिविजन प्लाटून में 17वीं वाहिनी छग सशस्त्र बल एवं जूनियर डिविजन प्लाटून में एनसीसी (बालिका) आचार्य पंथ गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कवर्धा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों मे पहला स्थान गुरूकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा, दूसरा स्थान कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय और तीसरा स्थान रामकृष्ण पब्लिक स्कूल रहा। विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों के लिए प्रथम स्थान पर महिला एवं बाल विकास विभाग, दूसरे स्थान पर आदिम जाति कल्याण विभाग एवं तीसरे स्थान पर कृषि विभाग को प्रदान किया गया।