राजनांदगांव, 20 फरवरी। भाजपा की प्रचंड जीत के बाद नगर निगम अध्यक्ष की कुर्सी के लिए दावेदारों की दौड़ तेज हो गई है। इस दौड़ में नवनिर्वाचित पार्षद राजा माखीजा एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरे हैं। पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ और सामाजिक संगठनों से जुड़ाव उनकी दावेदारी को और अधिक मजबूत कर रहा है।सिंधी समुदाय से आने वाले राजा माखीजा की सक्रियता चुनाव से पहले ही दिखने लगी थी।
उन्होंने वार्ड में व्यापक जनसंपर्क कर भारी मतों से जीत दर्ज की। भाजपा नेतृत्व निगम अध्यक्ष पद के लिए अनुभवी और जुझारू व्यक्तित्व की तलाश कर रहा है, जिसमें माखीजा का नाम तेजी से उभर रहा है।
सूत्रों की मानें तो पार्टी उनकी संगठनात्मक समझ और समाज में प्रभाव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है। इसके अलावा, भाजपा की रणनीति सामाजिक समीकरण साधने की रही है, ऐसे में सिंधी समाज के प्रभावी नेता के रूप में राजा माखीजा एक उपयुक्त विकल्प हो सकते हैं।
भाजपा नेतृत्व फिलहाल कई नामों पर मंथन कर रहा है, लेकिन राजा माखीजा की दावेदारी को नकारा नहीं जा सकता। अब देखना होगा कि पार्टी किसे अंतिम रूप से निगम अध्यक्ष की कुर्सी सौंपती है।