देशराज्‍य

बीते 24 घंटे में सामने आए 20,201 केस, 380 मौतें, टेस्ट कम होने से बढ़ी संक्रमण दर

देश की राजधानी दिल्ली में आज काफी दिनों बाद 21 हजार से कम नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। वहीं 380 लोगों की संक्रमण ने जान ले ली। हालांकि चिंताजनक बात यह है कि बीते 24 घंटे में सिर्फ 57690 टेस्ट हुए। इस लिहाज से राजधानी की संक्रमण दर 35.02 प्रतिशत तक पहुंच गई। अगर इसी संक्रमण दर के लिहाज से टेस्टिंग के आंकड़े को बढ़ा दिया जाए संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।

हालांकि इन सबके बीच राहत की बात ये है कि आज नए संक्रमितों से भी ज्यादा लोग ठीक हुए हैं। बीते 24 घंटे में कुल 22,055 लोग कोरोना संक्रमण से पूरी तरह ठीक हो गए। करीब एक माह बाद संक्रमितों से ज्यादा संख्या स्वस्थ होने वाले मरीजों की रही है। इससे सक्रिय मरीज घटकर 93 हजार से कम रह गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक,दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 10,47,916 पहुंच गई है। इसमें से 9,40,930 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से अब तक कुल 14,628 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस समय संक्रमण के कुल 92,358 सक्रिय मरीज हैं। इसमें से 18,831 अस्पतालों में भर्ती है।

मरीजों के तेजी से स्वस्थ होने के बावजूद भी अस्पतालों में रोगियों की संख्या नहीं घट रही है। कुल सक्रिय मरीजों में से होम आईसोलेशन में 52,733 रोगियों का उपचार हो रहा है। कोविड केंद्रों में 593 रोगी भर्ती हैं।

पिछले 24 घंटों में 57,690 लोगों की जांच की गई। यह संख्या रोजाना हो रही औसतन जांच से करीब 17 हजार कम है। जांच कम होने से भी संक्रमितों में कमी नहीं आई है। इससे इस दिन की संक्रमण दर बढ़कर 35.02 फीसदी हो गई है। दिल्ली में  अब तक 1 करोड़ 68 लाख 39 हजार सैंपल के टेस्ट किए जा चुके हैं। कंटेनमेंट जोन की कुल संख्या 29,104 हो गई है।

43,637 लोगों का हुआ टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण अभियान में पिछले 24 घंटो में 43,637 लोगों को टीका लगाया गया।इनमें 31,888 को पहली व 11,749 लोगों को दूसरी खुराक लगाई गई। अब तक 29 लाख 92 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *