Rajnandgaon: खाद के लिए छुरिया क्षेत्र के किसान लौट रहे बैरंग
मामला सेवा सहकारी समिति छुरिया का, किसानों में आक्रोश
Rajnandgaon: खाद के लिए छुरिया क्षेत्र के किसान लौट रहे बैरंग:
छुरिया- खेती किसानी कार्य में जुटे किसानों को खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है । आषाढ़ का महीना बीत जाने के बाद सावन का महीना शुरू हो गया लेकिन सेवा सहकारी समिति छुरिया क्षेत्र के लगभग 11 ग्रामों के किसानों को खाद नहीं मिलने से खेती किसानी कार्य में जुटे किसान संकट में पड़ गये हैं । रोजाना सैकड़ों किसानों को बगैर खाद लिए समिति से बैरंग लौटना पड़ रहा है जिससे किसानों में समिति प्रबंधक के रवैये से आक्रोश व्याप्त है ।

किसानों से मिली जानकारी अनुसार सेवा सहकारी समिति छुरिया क्षेत्र का सबसे बड़ा समिति है । इस समिति में लगभग 11 गांव शामिल है । समिति में दो हजार किसानों को पंजीकृत किया गया है, जिन्हें धान की फसल के लिए लगभग दो माह से डीएपी, यूरिया, पोटॉश, राखड़, सुपर फॉस्फेट खाद की कमी से जूझना पड़ रहा है । बताया जाता है कि समिति क्षेत्र के लगभग एक हजार किसानों को अभी तक एक भी बोरी खाद नहीं मिलने से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं । मजबूरन किसानों को बाजार से महंगे दामों में खाद लेना पड़ रहा है । रोजाना सैकड़ों किसान लंबीदूरी तय कर समिति छुरिया पहुंचते हैं जहां खाद उपलब्ध नहीं होने से मायूस किसान बैरंग लौट रहे हैं । वहीं समिति प्रबंधक द्वारा उन्हें खाद उपलब्ध नहीं होने कहा जाता है । तथा किसानों को जब खाद आयेगा तब आना कहा जाता है जिससे समिति प्रबंधक एवं वहां कार्यरत कर्मचारियों के इस रवैये से किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
डीएपी नहीं, यूरिया पहुंचा
गुरूवार को छुरिया क्षेत्र के किसानों को पता चला कि समिति में डीएपी की जगह यूरिया खाद पहुंचा है तो वे बड़ी संख्या में पहुंच गये। जहां पहले से ही लाईन लगाये अन्य किसानों को वहां कार्यरत कर्मचारियों ने खाद उपलब्ध होने पर ही खाद दिया जायेगा कहा गया जिससे वे नाराज दिखे । सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार लम्बे समय के बाद सेवा सहकारी समिति छुरिया में लगभग 500 बोरी यूरिया खाद पहुंचा है, जिसे बांटने के लिए जद्दोजहद की जा रही है ।
व्यापारियों ने बढ़ाए खाद के दाम
छुरिया क्षेत्र के समितियों में डीएपी, यूरिया खाद की कमी होने से दुकानदारों ने खाद के दामों में बेतहाशा इजाफा कर दिया है । जिससे मजबूरन किसानों को महंगे दामों में खाद खरीदना पड़ रहा है ।
यह भी पढे : Rajnandgaon: नाले में बहे दो व्यक्ति, दो किलोमीटर दूर मिला एक का शव