राजनांदगांव । चौकी चिखली क्षेत्र के दीनदयाल नगर स्थित एक खेत में हवा में झूलते बिजली वायर के संपर्क में आने पर करंट लगने से 65 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घटना 15 जुलाई की सुबह की बताई जाती है। चौकी चिखली प्रभारी अरूण कुमार नामदेव ने बताया कि शांति नगर निवासी कन्हैया लाल यादव पिता दशरथ यादव (65 वर्ष) जो कि दीनदयाल नगर स्थित एक खेत को रेगहा लिया हुआ है। बुधवार की बीती रात अच्छी बारिश होने पर वह 15 जुलाई की सुबह अपने खेत में खाद डालने गया हुआ था। इस दौरान बगल के खेत वाले द्वारा सबमर्सिबल पंप चलाने हेतु लकड़ी की बल्ली गड़ा कर बिजली कनेक्शन लिया हुआ था, जिसका वायर हवा में झूल रहा था, जिसके संपर्क में आने पर कन्हैया को बिजली का जोरदार झटका लगा, जिससे वह बेहोश हो गया और देर तक वैसे ही पड़ा रहा। देर तक उसी हालत में पड़े रहने से बाद में उसकी मौत हो गई।