राजनांदगांव। सिलवर स्क्रीन टॉकीज में बुधवार को फिल्म शो के दौरान टिकट जांच को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने टॉकीज व्यवस्थापक से मारपीट कर दी। यह मामला शहर के ब्राम्हणपारा वार्ड क्रमांक 38 निवासी युवक ने बसंतपुर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सिलवर स्क्रीन टॉकीज में व्यवस्थापक के रूप में कार्यरत है और शो शुरू होने से पहले टिकट जांच कर दर्शकों को अंदर भेजने की जिम्मेदारी निभा रहा था। दिनांक 23 जुलाई 2025 को दोपहर 3:30 बजे ‘सय्यारा’ फिल्म का शो चल रहा था, उसी दौरान गौरीनगर निवासी नमन सोनी नामक युवक ने टिकट चेक को लेकर व्यवस्थापक से बहस शुरू कर दी।
घटना के कुछ घंटे बाद, जब शाम 6:15 बजे शो समाप्त हुआ और दर्शक बाहर निकलने लगे, उसी दौरान नमन सोनी ने पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब टॉकीज कर्मचारी ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने हाथ मुक्के से उसके बाएं गाल पर हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान भी आरोपी द्वारा लगातार अभद्र गालियां दी जा रही थीं । पीड़ित ने इस संबंध में लिखित रिपोर्ट देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।