राजनांदगांव. शहर के व्यस्ततम महामाया चौक में शनिवार 09 अगस्त शाम करीब 6:05 बजे जागीरदार बस ट्रेवल्स और भारत बस ट्रेवल्स के कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुँच गया। वार्ड क्रमांक 46 निवासी एवं जागीरदार बस ट्रेवल्स में चेकर के रूप में कार्यरत व्यक्ति ने भारत बस ट्रेवल्स के चेकर हेमु सिन्हा उर्फ सहदेव सिन्हा पर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि वह महामाया चौक पर अपनी बस का इंतजार कर रहा था, तभी भारत बस ट्रेवल्स की बस वहां पहुँची। बस के ड्राइवर से बातचीत के दौरान हेमु सिन्हा मौके पर पहुँचा और गाली-गलौच करने लगा। मना करने पर आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के बाएं कंधे और चेहरे पर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय बसंतपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है और उचित कार्यवाही की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।