Rajnandgaon: निर्माणाधीन नाले में गिरकर युवक की मौत, नगर निगम की लापरवाही उजागर
तीन माह पूर्व हुई थी शादी, परिजनों ने ठेकेदार और अफसरों पर लगाया आरोप
राजनांदगांव, 20 अगस्त। नगर निगम की घोर लापरवाही के चलते देहात वार्ड कन्हारपुरी में बीती रात एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब 26 वर्षीय आकाश साहू, जो कि कन्हारपुरी निवासी था, मोटरसाइकिल से लखोली की ओर जा रहा था। तिरंगा चौक के पास निर्माणाधीन नाले में गिरने से उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले के निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई थी। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। नाले के पास मात्र एक स्टॉपर लगाया गया था, जो रात के अंधेरे में दिखाई नहीं दिया। यही कारण रहा कि आकाश अपनी मोटरसाइकिल समेत सीधे नाले में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि आकाश की शादी मात्र तीन महीने पहले लखोली की एक युवती से हुई थी और वह संभवतः अपनी ससुराल जा रहा था। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। वार्ड पार्षद महेश साहू ने नगर निगम के अधिकारियों और निर्माण कार्य के ठेकेदार कमल सिन्हा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्षद समेत स्थानीय लोगों ने निगम पर युवक की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। परिजन व स्थानीय नागरिक निगम की लापरवाही के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।
यह भी पढे: राजनांदगांव : कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे जनसामान्य की सुनी शिकायत एवं समस्याएं