दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह नोएडा में हुई भारी बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
30 अगस्त का मौसम
30 अगस्त को दिल्ली-NCR में एक-दो बार हल्की बारिश या बौछारें देखने को मिल सकती हैं। हालांकि इससे तापमान में थोड़ी गिरावट होगी, लेकिन उमस बनी रह सकती है।
31 अगस्त से मौसम में बड़ा बदलाव
31 अगस्त को बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
1 और 2 सितंबर को भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 1 और 2 सितंबर को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कई जगह हल्की बारिश तो कुछ जगहों पर जोरदार बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में अच्छी गिरावट देखने को मिलेगी।
3 सितंबर का हाल
3 सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
गर्मी और तापमान का हाल
गुरुवार को दिल्ली में तेज धूप निकली और सफदरजंग वेधशाला पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.3 डिग्री ज्यादा है। बुधवार के मुकाबले 24 घंटे में तापमान लगभग 5 डिग्री चढ़ा, जिससे उमस और गर्मी दोनों बढ़ गईं।
हवा की क्वालिटी
दिल्ली की हवा पर भी मौसम का असर दिखा है। प्रदूषण स्तर में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का औसत AQI 120 रहा, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है। बुधवार को AQI 71 था यानी 24 घंटे में 49 अंकों की बढ़त हुई। अगले दो दिनों तक वायु गुणवत्ता इसी स्तर पर रहने की संभावना है।