छत्तीगसगढ़ में कांग्रेस सरकार अपने तीन साल के कामकाज की देशभर में जमकर तारीफ कर रही है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने भी सरकार की उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। राहुल ने भी सरकार के कामकाज की तारीफ की, लेकिन जमीनी हकीकत की पड़ताल करने की भी नसीहत दे दी। उन्होंने मंत्रियों को सीख दी कि वे जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं की पड़ताल करें। इससे उनका भी भला होगा और कांग्रेस पार्टी का भी भला होगा। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो साल से मंत्रियों के गांव में दौरे नहीं हो रहे हैं। ऐसे में राहुल की सीख के बाद मंत्री मैदानी हकीकत जानने के मोर्चे पर उतरेंगे।
दो साल बाद होना है विस चुनाव
छत्तीसगढ़ में दो साल बाद विधानसभा चुनाव होना है। इसे देखते हुए राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत करने और सत्ता में वापसी के लिए जमीनी स्तर पर सरकार के कामकाज को परखने का निर्देश दिया है। इससे पहले कांग्रेस संगठन की बैठक में भी मंत्रियों और प्रभारियों को जिले में सक्रिय होने का निर्देश दिया गया था। कांग्रेस सदस्यता अभियान चला रही है।
फरवरी में समाप्त हो जाएगा सदस्यता अभियान
इस अभियान के लिए भी जिलों के प्रभारियों और प्रभारी मंत्रियों को निर्देश दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि सदस्यता अभियान फरवरी में समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों में सत्ता और संगठन के नेताओं का दौरा होगा और योजनाओं की हकीकत को परखा जाएगा। योजनाओं को सही लोगों को लाभ मिल रहा है या नहीं, कहीं कोई वर्ग छूट तो नहीं रहा है, इस सभी मुद्दों की पड़ताल की जाएगी।
आज पुनिया लेंगे रायपुर संभाग की बैठक
कांग्रेस की आनलाइन सदस्यता अभियान को लेकर शनिवार को राजीव भवन में रायपुर संभाग की बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रभारी सचिव चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।