रायपुर। राज्य के कई नगर निगमों में बकाया कर वसूली न होने के कारण्ा जनवरी का वेतन रूक गया है। इसकेखिलाफ संयुक्त नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि 17 फरवरी तक भुगतान नहीं हुआ तो प्रदर्शन किया जाएगा। अधिकारी-कर्मचारी संघ रायपुर के अध्यक्ष संतोष पांडेय ने कहा कि हम निगम के लिए काम करते हैं। वेतन रोकने केलिए बकाया कर वसूली का न होने का बहाना ठीक नहीं है।
निगम की माली हालत खराब
रायपुर नगर निगम की माली हालत इतनी अधिक खराब हो चुकी है कि कर्मचारी ही नहीं, अधिकारियों तक को वेतन के लाले पड़ गए हैं। हर महीने करीब 17 करोड़ का वेतन भुगतान होता है, लेकिन निगम का खजाना खाली होने से जनवरी का वेतन नहीं मिल पाया है। निगम के अधिकारियों केमुताबिक जनवरी का वेतन भुगतान न करने की वजह नगर-निगम केस्थापना व्यय में 17 करोड़ रुपये का न होना है। इसी मद से निगम कर्मचारियों को वेतन का भुगतान किया जाता है। इसमें लगातार पैसे की कमी बनी हुई है।
टैक्स भुगतान नहीं करने वाले बकाएदारों पर सख्ती
पिछले कुछ महीने से राजस्व अमले को करोड़ों का बकाया संपत्तिकर, समेतिक कर के साथ यूजर चार्ज वसूलने का लक्ष्य दिया गया था। अब तक निगम के खजाने में बड़े बकायेदारों से 87 करोड़ जमा हुए हैं, जबकि सालों से करों का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों की जोन वार सूची जारी कर उनकी संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए गए हैं।
दुर्ग निगम में वेतन के लिए तीन करोड़ की जरूरत
दुर्ग नगर निगम में जनवरी के वेतन का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इन कर्मियों को वेतन भुगतान के लिए तीन करोड़ रुपये की जरूरत है। महासमुंद नगर पालिका में हर माह 46 लाख रुपये वेतन भुगतान होता है। यहां कर्मचारियों को जनवरी केवेतन नहीं दिया गया है। धमतरी नगर निगम में करों की वसूली न हो पाने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। कांकेर नगर पालिका परिषद में भी कर्मचारियों को जनवरी केवेतन का भुगतान अभी नहीं हुआ है। राजनांदगांव नगर निगम में कमजोर राजस्व वसूली के कारण पिछले डेढ़ माह से कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हुआ है।
वसूली के लिए निगम ने भेजी है नोटिस
वहीं, भिलाई निगम ने 170 बकायदारों से पांच करोड़ बकाया वसूली न होने पर कुर्की नोटिस को भेजा है। जगदलपुर नगर निगम में कुल 500 कर्मचारी हैं। कम वसूली पर छह कर्मचारियों का वेतन रोका गया था। बाद में भुगतान कर दिया गया। जांजगीर में नगरीय निकायों द्वारा टैक्स की वसूली की जा रही है। कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कर दिया गया है। इसी तरह अंबिकापुर नगर निगम में किसी भी कर्मचारी का वेतन नहीं रुका है। कोरबा नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रति माह समय पर वेतन का भुगतान किया जा रहा है।
वेतन की कर रहे व्यवस्था
अधिकारी-कर्मचारियों को जनवरी का वेतन जल्द देने की व्यवस्था कर रहे हैं। निगम की राजस्व की स्थिति मजबूत करने राज्य सरकार के फैसले के अनुरूप संपत्ति कर के साथ यूजर चार्ज लिया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि राजस्व नहीं देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।