राजनांदगांव।वनांचल के रास्तों से तेंदुए की खाल लेकर पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश की ओर जा रहे तीन तस्करों को साल्हेवारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित तस्कर लग्जरी कार में थे। जिसकी सूचना पर साल्हेवारा पुलिस और खैरागढ़ उप वन मंडल की टीम मोहगांव रोड में रेंगाखार वनोपज जांच चौकी के पास घेराबंदी कर वाहनों की । तभी संदेही कार भी वहां पहुंची। इस दौरान पुलिस की घेराबंदी देख कार में सवार दो तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तीन तस्करों को पकड़ा है, जिनके पास से कार की डिक्की में रखे तेंदुए की खाल भी बरामद कर ली है।
फरार आरोपितों की तलाश जारी
तीनों आरोपित सुपेला कोहका टाटा लाइन वार्ड 11 रामअवतार गुप्ता(58), ग्राम चीचा बोरी, दुर्ग निवासी वीरेंद्र कुमार वर्मा (54) और ग्राम रघोली सालहेटेकरी बालाघाट निवासी रूकदेव (40) के खिलाफ अपराध दर्ज कर प्रकरण को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। वहीं फरार आरोपित बिरसा बालाघाट के झामुल निवासी तेजराम धुर्वे और बालाघाट बैहर निवासी गणेश कुमार की पुलिस तलाश कर रही है।
मामला बीते सोमवार की रात का है
मामला बीते सोमवार की रात का है, साल्हेवारा पुलिस और खैरागढ़ उप वन मंडल के अधिकारी व कर्मचारियों ने मोहगांव-रेंगाखार वनोपच जांच चौकी के पास घेराबंदी की थी । सभी आने-जाने वालों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान संदेहियों की कार भी वहां पहुंची, लेकिन पुलिस को देख कार में सवार दो तस्कर मौके का फायदा उठाकर जंगल के रास्तों से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में है। खैरागढ़ उप वन मंडल के मंडलाधिकारी दिलराज प्रभाकर ने कहा कि चार से पांच वर्ष की तेंदुआ की खाल को आरोपित दूसरे राज्यों को खपाने की जुगत में लगे हुए थे। जिस पर साल्हेवारा पुलिस ने पानी फेर दिया है।
जांच के लिए जबलपुर भेजा जाएगा सेंपल
तेंदुए की खाल को लेकर आरोपित कार में मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपित तस्करों को गिरफ्तार कर खाल को बरामद कर लिया है। खाल मादा तेंदुए की है या नर की जांच के लिए सेंपल जबलपुर भेजने की तैयारी में है।