रायपुर । उत्तर प्रदेश के छह दिवसीय चुनावी दौरे से गुस्र्वार को लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छुट्टा जानवरों को छत्तीसगढ़ माडल की तारीफ की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान पर सीएम बघेल ने कहा कि छुट्टा जानवरों पर विचार करने के लिए दस मार्च का इंतजार करने की क्या जरूरत है। छत्तीसगढ़ माडल को पीएम मोदी कापी कर लें।
सीएम ने कहा कि यहां लोकसभा सदस्यों की टीम आई थी, जिसमें गोधन न्याय योजना को देशभर में लागू करने की बात कही। गुजरात सरकार ने भी अध्ययन कराया है। सीएम बघेल ने कहा कि देश के अन्य राज्यों में छुट्टा जानवरों के मामले में तीन प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन उत्तर प्रदेश में 17 फीसद की वृद्धि हुई है।
उत्तर प्रदेश में छुट्टा मवेशियों की समस्या बढ़ी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम बघेल ने कहा कि वहां भाजपा और बजरंग दल के कारण छुट्टा जानवरों की समस्या बढ़ी है। मवेशी बाजार बंद हो गए। जानवरों की खरीदी पर रोक लगा दी गई है। पीएम मोदी पहले बजरंगियों को संभालें। सीएम ने कहा कि आज गांव में लोगों को समस्या हो रही है, कल गांव और मोहल्लों में लोग जानवरों से परेशान होंगे। यूक्रेन में फंसे छात्रों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चिंता का विषय है, प्रदेश में 70 लोगों ने संपर्क किया है। केंद्र सरकार के माध्यम से उनकी मदद की पूरी कोशिश की जा रही है।
हाथी की कहानी से समझाया कैसे करेंगे प्रदेश का दौरा
मुख्यमंत्री बघेल से जब यह सवाल किया गया कि विधानसभा सत्र के बाद प्रदेश के दौरे में उनका रोडमैप क्या होगा, तो उन्होंने हाथी की कहानी सुनाकर समझाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा, एक मास्टर ने छात्र को पहले हाथी का पैर गिनने के लिए कहा, फिर कान, फिर पूंछ। अंत में छात्र नाराज हो गया और बोला कि एक-एक करके क्यों पूछ रहे हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश के दौरे में नरवा, गरवा भी देखेंगे, विकास कार्य की समीक्षा करेंगे। किसान, श्रमिक व छात्रों से बात करेंगे। कार्यकर्ताओं से बात में जमीनी हकीकत का पता चल जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा
पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर वित्तीय स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। जो भी संभव होगा, उसे किया जाएगा। केंद्र की अटल सरकार ने इसे बंद कर दिया था, चर्चा में यह विषय आया है, तो विचार करेंगे।
विपक्ष साथ दे तो कौन नहीं लेना चाहेगा, प्रदेश के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना है। केंद्र ने चावल लेना बंद किया तब विपक्ष का साथ मांगा गया, नहीं मिला। एयर कार्गो शुरू करने के लिए भी पहल नहीं की गई।
जीएसटी जून से बंद हो जाएगा, इससे प्रदेश को पांच हजार करोड़ का नुकसान होगा। वित्त मंत्री की बैठक में और पत्र लिखकर इसके बारे में बताया गया है। इससे राज्यों की आर्थिक स्थिति खराब होगी।