क्राइमराज्‍य

 महिला डॉक्टर के अश्लील फोटो वायरल करने वाले नंबर को तलाश रही पुलिस

महिला डॉक्टर से चौथ मांगने वाले कुख्यात सुधीर भदौरिया अभी फतेहगढ़ जेल में बंद है। उसने जेल से ही फोन करके महिला डॉक्टर से पांच लाख रुपये की चौथ मांगी थी। महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हो चुका है।

 (सांकेतिक फोटो)

आगरा शाहगंज पुलिस ने फतेहगढ़ जेल में बंद कुख्यात सुधीर सिंह भदौरिया को आगरा लाने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को उसका बी वारंट बनवा लिया गया। आगरा लाने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसका रिमांड बनवाया जाएगा। उसने शाहगंज की महिला डॉक्टर से पांच लाख रुपये की चौथ नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता ने कोर्ट में दिए बयान में एफआईआर का समर्थन किया है।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि केस में मुख्य आरोपी महेश कुमार सिंह को जेल भेजा जा चुका है। उसका भाई कुख्यात सुधीर सिंह भदौरिया फतेहगढ़ जेल में बंद है। जांच में पता चल गया है कि महिला डॉक्टर को जिस नंबर से कॉल करके धमकाया गया, उसकी लोकेशन फतेहगढ़ जेल थी। अब पता लगाया जा रहा है कि सिम किसकी आईडी पर लिया गया? अगर, आईडी फर्जी लगी होगी तो एक और मुकदमा दर्ज होगा। कुख्यात को तन्हाई बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। उसे बी वारंट पर आगरा लाया जाएगा। वारंट बनवा लिया गया है।

फोटो किसने परिचितों को भेजे

महिला डॉक्टर का आरोप था कि उनके अश्लील फोटो वायरल कर दिए गए। यह उनके परिचितों को भेजे गए। इस पर केस में आईटी एक्ट की धारा बढ़ा दी गई है। पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए। इनका अवलोकन भी विवेचक ने कर लिया है। उन्होंने एफआईआर का समर्थन किया है। केस में सुधीर और महेश के परिवार की महिलाएं भी आरोपी हैं। अब यह देखा जा रहा है कि फोटो किस नंबर और मोबाइल से वायरल किए गए। इस संबंध में पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह हैं नामजद

शाहगंज की महिला डॉक्टर ने 16 मार्च को थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें पड़ोसी महेश कुमार, उसके भाई सुधीर सिंह भदौरिया, गौरी, ममता, महेश की मां, रेनू और सुमन को नामजद किया। इसमें पांच लाख रुपये चौथ मांगने, धोखे से अश्लील फोटो बनाने सहित अन्य आरोप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *