राजनांदगांव। शहर के कई वार्डों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। कई वार्ड में तो टैंकरों से जलापूर्ति करानी पड़ रही है। गर्मी बढ़ने से शहर के ज्यादातर वार्डों में पेयजल की किल्लत भी शुरू हो गई है। इसकी शिकायत मिलते ही नगर निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने गुरुवार को जल विभाग के तकनीकी अधिकारियों के साथ अमृत मिशन के अधिकारी व ठेकेदारों की आपात बैठक बुलाई। जिसमें आयुक्त डा. चतुर्वेदी ने पेयजल की शिकायत वाले क्षेत्रों में व्यवस्था दुरस्त कर अमृत मिशन के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। पर्याप्त पानी नहीं आने की शिकायत पर आयुक्त खुद मौके पर भी पहुंचे, जहां तकनीकी अधिकारियों को तत्काल समस्या को निराकरण करने निर्देशित किया।
बता दें कि शहर के लालबाग सिंधी कालोनी, लखोली राहुल नगर, कौरिनभाठा सतनामी पारा क्षेत्र में पर्याप्त पानी नहीं आने की शिकायत है। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पेयजल संबंधी शिकायतें हैं। इसकी शिकायत मिलने के बाद आयुक्त डा. चतुर्वेदी ने कहा कि निगम के तकनीकि अधिकारी और अमृत मिशन के अधिकारी व ठेकेदार इन सभी क्षेत्रों के अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर पेयजल संकट दूर करने तत्काल कार्य कराएंगे। ताकि गर्मी में पेयजल संकट का सामना ना करना पड़े। आयुक्त ने कहा कि पेयजल जैसे अतिआवश्यक सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर तत्काल निराकरण करेंगे।
आयुक्त डा. चतुर्वेदी ने कहा कि अमृत मिशन के बाकी कार्यो में तेजी लाकर काम को बिना विलंब करें पूरा कराएं। साथ ही जिन क्षेत्रों में काम चल रहा है। वहां पेयजल व्यवस्था प्रभावित ना हो, क्योकि गर्मी के दिनों में पानी की ज्यादा आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकि अधिकारी अपने प्रभारित वार्ड में पेयजल व्यवस्था की सतत मानिटरिंग करे और किसी भी प्रकार की शिकायत का तत्काल निराकरण करे।
पानी संकट की शिकायत मिल रही सिंधी कालोनी पहुंचे आयुक्त ने तकनीकी अधिकारियों को व्यवस्था दुरस्त करने के निर्देश दिए और कहा कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों से भी पेयजल संकट की शिकायत मिली है। इसका भी निराकरण कराए। साथ ही जिन पार्षदों, जनप्रतिनिधियों या नगर के लोगों द्वारा पानी संकट की शिकायत मिल रही है, उसका भी निराकरण करें। बैठक में कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, जल विभाग के प्रभाारी कार्यपालन अभियंता कामना सिंह यादव, प्रभारी सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम, अमृत मिशन पीडीएमसी के डीटीएल विकास मैगी और उप अभियंता व अमृत मिशन के ठेकेदार उपस्थित थे।