बिलासपुर। संस्कृति मंत्रालय के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण रायपुर मंडल द्वारा सोमवार को रतनपुर के ऐतिहासिक किला में विश्व धरोहर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस संबंध में रायपुर मंडल की मुख्य अधिकारी डा. कारबी साहा ने बताया कि यूनेस्को द्वारा किए गए निर्धारण के मुताबिक हर वर्ष 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष का थीम विरासत और जलवायु है। जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से विश्व धरोहर को होने वाले खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसी के तहत रतनपुर के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए किला परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता प्रतियोगिता में विभिन्ना स्कूलों के प्रतिभागियों की हिस्सेदारी रही। जिनमें सबसे बेहतर निबंध लेखन में प्रथम स्थान ममता बंजारे द्वितीय स्थान ईशा सोनी एवं तृतीय स्थान वैभवी कमलसेन सहित 20 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मंडल रायपुर के अधिकारी डा. नित्यानंद कुमार ने सभी प्रतिभागियों के धरोहर के संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन्हीं धरोहरों के माध्यम से हम जान पाते हैं कि हमारा अतीत कैसा था। यदि हम इन धरोहरों को सहेज नहीं पाएं तो आने वाली पीढ़ियां इस धरोहर के महत्व को जानने से वंचित रह जाएगी।