रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना से पहली बार एक हफ्ते में हवाई उड़ानों की संख्या 400 के पार हुई। साथ ही वर्ष 2022 में पहली बार एक हफ्ते में हवाई यात्री 44 हजार के पार हो गए।
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 से 17 अप्रैल के बीच संचालित हवाई सेवाओं में माना एयरपोर्ट से कुल 402 उड़ानें रही। इनमें कुल 44, 970 यात्रियों ने सफर किया। एक हफ्ते में 201 फ्लाइट टेकआफ और 201 फ्लाइट की लैडिंग हुई। इन आंकड़ों पर गौर करें तो बीते हफ्ते के मुकाबले हवाई यात्रियों की संख्या में 16 फीसद का इजाफा दर्ज किया गया है।
इससे पहले माना एयरपोर्ट से एक हफ्ते में 38 हजार 851 यात्रियों ने सफर किया था, जबकि बीते हफ्ते के मुकाबले हवाई उड़ानों में चार फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। माना एयरपोर्ट से अब रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की संख्या औसत 5,500 पार कर चुकी है। 11 से 17 अप्रैल के बीच सबसे ज्यादा 17 तारीख को 7089 यात्रियों ने सफर किया। एयर ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि समर सीजन में हवाई यात्रियों की संख्या आने वाले दिनों में इजाफा दर्ज किया जाएगा।
पर्यटक राज्यों के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग
एयर ट्रेवेल्स संचालकों के मुताबिक समर ससीजन में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, असम, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग मिल रही है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में हवाई यात्री दिल्ली, मुंबई समेत अन्य महानगरों के माध्यम से विदेश यात्राएं भी कर रहे हैं। हवाई यात्रियों की संख्या में यह बढ़ाेेतरी जून तक जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है। वर्तमान में माना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए हवाई उड़ानों की संख्या सात हो चुकी है। इसके अलावा मुंबई के लिए पांच सीधी हवाई उड़ानों की सुविधा मिल रही है। वहीं कोलकाता के लिए दो सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं।