छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर जिला

कांग्रेस संगठन महामंत्री शुक्ला को हटाकर चावला को दिया संंगठन प्रभार

रायपुर – प्रदेश में कांग्रेस संगठन और युवक कांग्रेस संगठन के चुनाव के बीच कांग्रेस के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला को बदल दिया गया है। उनके स्थान पर महामंत्री अमरजीत चावला को प्रभार सौंपा गया है।छत्‍तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के करीबी माने जाने वाले चावला के मनोनयन के बाद से कांग्रेस संगठन में गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो मरकाम ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद अपने करीबी रवि घोष और चंद्रशेखर शुक्ला के बीच संगठन के कामकाज का बंटवारा किया था। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की बैठक में यह मुद्दा उठा था कि संगठन में जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। ऐसे में अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या शुक्ला सक्रिय नहीं थे।यह सवाल इसलिए भी उठ रहा है क्योंकि शुक्ला की नियुक्ति करीब ढाई साल पहले मरकाम ने ही की थी। सूत्रों की मानें तो पिछले कुछ दिनों से शुक्ला सत्ता और संगठन के बीच सामंजस्य बिठाकर काम कर रहे थे। ऐसे में चुनाव से पहले उनको हटाने के मायने खोजे जा रहे हैं।

इस समय अमरजीत चावला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ दिल्ली दौरे पर हैं. दिल्ली दौरे में कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष सोनिया गांधी और मुकुल वासनिक से भी उनकी मुलाकात की खबर भी आ रही है. छत्तीसगढ़ में जाहिर है कि चावला प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के करीबी माने जाते हैं. संभवतः उन्हें इस कारण भी ये जिम्मेदारी दी गई है.

डिजिटल सदस्यता अभियान का इनाम
जानकारी के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस संगठन में हुए डिजिटल सदस्यता अभियान में अमरजीत चावला की बेहतर हिस्सेदारी को देखते हुए यह फेरबदल किया गया है. अब तक अमरजीत चावला के पास छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस और एनएसयूआई का प्रभार था. अमरजीत चावला  की नियुक्ती के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से आदेश जारी किया गया है. बताया जा रहा है ये बदलाव 2023 के लिए किए गए हैं, आगे भी जिला स्तर पर कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *