० महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को याद कर भावुक हुए ग्रामीण
राजनांदगांव। छुरिया इलाके के ग्राम बम्हनी चारभाठा के उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ रहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता स्व. घासिन बाई की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। अल्पायु में स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान की याद में ग्रामीणों ने यह पहल की। इस प्रतिमा का अनावरण विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू द्वारा किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखे भीगी रहीं।
स्व. घासीन बाई कोरोना की दूसरी लहर में जिंदगी की जंग हार गई थीं। 10 नवंबर 2020 को 34 वर्ष की उम्र में उनका देहांत हो गया था। वे दिव्यांग थीं, बावजूद इसके वे क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए एक बड़ा सहारा बनी रहीं। कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर में भी उन्होंने खतरा मोल लेकर ग्रामीणों की सेवा की। पलायन कर चुके ग्रामीणों के वापस लौटने पर क्वारंटीन सेंटर में उनकी पूछ-परख, घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करना जैसे कार्य वे करती रहीं। क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के लिए भी वे बड़ा सहारा रहीं। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र में ही कई प्रसव कराए। वे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत रहीं।
18 जून को आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई व घासिन बाई को श्रध्दाजंलि दी गई। सरपंच संघ छुरिया अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू व ग्रामवासियों ने प्रतिमा बनवा कर गांव में त्योहार मना कर घासिन बाई को याद कर श्रध्दाजंलि दी। खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने घासिन बाई के कार्यों को सराहते हुए प्रतिमा अनावरण पर सरपंच धर्मेंद्र साहू व समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि, महिला शक्ति ही सभी को समुदाय, संस्कृति से जोड़े रखे हुए है। उनका समर्पण भाव सबसे अधिक है। इतिहास में कई महिला शक्तियों की गाथाएं अमर हैं, अब घासीन भी उनमें शुमार है। उन्होंने कहा किए ऐसे बेहद कम लोग ही होते हैं जो अपने से परे दूसरों की चिंता और बेहतरी के लिए अपनी जान तक दाव पर लगा दें।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी, मन्ना यादव, पंकज बांधव, राहुल तिवारी, प्रकाश, एकनाथ सिन्हा, भीखम देवांगन, अलाली राम यादव, कमलेश यादव, कन्हैया कोले, मदन नेताम व क्षेत्र के अन्य ग्रामों के सरपंच, पटेल, ग्राम विकास समिति के सदस्य व ग्रामवासी उपस्थित थे।