Raipur- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने मंगलवार को नक्सल कमांडर अक्कीराजू हरगोपाल उर्फ रामकृष्ण उर्फ आरके के आंध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले में स्थित निवास पर छापा मारा। एनआइए की टीम सुदूरवर्ती तंगतुर ब्लाक के अलकुरापाडु गांव पहुंची है। यहां आरके की पत्नी सिरसा रहती है। सिरसा के अलावा एनआइए ने यहां कवि व विप्लव रचयितला संघम (आंध्र में सक्रिय नक्सलियों का संगठन) के नेता जी कल्याण राव के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। सिरसा जी कल्याण राव की भाभी है।
कल्याण राव व आरके वर्ष 2004 में आंध्र प्रदेश सरकार के साथ नक्सलियों की शांति वार्ता में शामिल थे। आरके छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में सक्रिय था। 14 अक्टूबर 2021 को कोरोना संक्रमण के दौरान किडनी की बीमारी से बस्तर के जंगल में ही उसकी मौत हुई थी।
बस्तर आइजी सुंदरराज पी ने नईदुनिया को बताया कि 2019 में बस्तर जिले के तिरिया के जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद मौके से आरके की एक डायरी बरामद की गई थी। इसमें नक्सल फंडिंग का हिसाब किताब है। एनआइए इस डायरी की जांच कर रही है। इस सिलसिले में कुछ महीने पहले एनआइए ने विशाखापटनम में भी छापेमार कार्रवाई की थी। आरके के गांव में शुरू हुई कार्रवाई के बाद बस्तर से भी एनआइए की टीम वहां रवाना की गई है।सूत्रों के अनुसार एनआइए आरके गांव में नक्सली नेताओं के शरण लेने और यहां से नक्सल संगठन को की जा रही फंडिंग की जांच कर रही है। एनआइए ने विजयवाड़ा में नक्सल नेता डोडी प्रभाकर के घर पर भी जांच की। यहीं एक और घर में तलाशी ली गई है। इस घर में छत्तीसगढ़ के बस्तर के चार लड़के किराए पर रहते हैं।