आरोपी पति बद्रीप्रसाद मीणा पर करीब 40 से 50 लाख रुपये का कर्ज था उसने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अपनी ही पत्नी की 5 लाख रुपये में सुपारी देकर हत्या करा दी।
कुरावर. एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या महज इसलिए कर दी, क्योंकि उसके ऊपर लाखों रुपए का कर्जा हो गया था, पति ने शातिर तरीके से पहले पत्नी का लाखों रुपए का बीमा करवाया, फिर वह इंटरनेट पर वीडियो देखता था कि किस प्रकार की मौत होने पर ज्यादा पैसे मिलते हैं, इसके बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी, इस मामले में पुलिस को भी गुमराह किया गया, लेकिन पुलिस जैसे ही जांच में जुटी तो कुछ ही दिनों में पूरा मामला परत दर परत सामने आता गया, आईये जानते हैं कैसे पति अपनी पत्नी को मारने का प्लान बनाता रहा।
भोपाल रोड पर माना जोड़ के पास 26 जुलाई की रात करीब 9 बजे हुई महिला की हत्या में चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। महिला के पति ने ही बीमा राशि एंठने के फेर में अवैध कट्टे से पत्नी को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस जांच में यह सामने आया है।
पुलिस ने आरोपी पति और उसके एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य सहयोगी आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी आर. एस. शक्तावत ने बताया कि 26 जुलाई को पूजा पति बद्रीप्रसाद मीणा निवासी बिजोरी हाल मुकाम मानपुरा गुजराती की हत्या कर दी गई थी। इसमें खुलासा हुआ है कि आरोपी पति बद्रीप्रसाद ने ही उसकी हत्या की। आरोपी ने अवैध कट्टे से गोली मारी, जिससे अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई थी। उसने पुलिस को दिए बयान में चार लोगों पर हत्या के आरोप लगाए थे, जिनसे उसने कर्ज ले रखा है। चारों पर पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिए थे, जबकि हकीकत में वे लोग उस जगह थे ही नहीं। जांच में सामने आया है कि आरोपी बद्री ने सहयोगी अर्जय उर्फ गोलू और शाकिर दोनों निवासी कुंवर कोटरी थाना बोड़ा, हुनरसिंह निवासी थाना मोहन बड़ोदिया जिला शाजापुर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इनमें से आरोपी बद्रीप्रसाद और हुनरसिंह को गिरफ्तार किया है। बद्री कुरावर थाने का निगरानी शुदा बदमाश है वहीं, शाकिर और गोलू बोड़ा थाने के निगरानीशुदा बदमाश हैं। इस पूरे मामले की बारीकी से तफ्तीश थाने के अनुभवी एसआई बबन ठाकुर ने की है। जिसमें धीरे-धीरे सभी परतें खुलती गईं।
वीडियो में देखता था कैसे, मरने पर ज्यादा बीमा मिलेगा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महिला का 15 लाख रुपए का बीमा 16 जून 2022 को कराया था। जिसकी पहली किश्त 21259 रुपए जमा भी कर दी थी। इसके बाद से वह इंटरनेट पर बार-बार यह सर्च कर वीडियो देख रहा था कि कैसे मरने पर ज्यादा बीमा राशि मिलेगी? इंटरनेट पर यह पता कर रहा था कि एक्सीडेंट में ज्यादा क्लेम मिलेगा या हत्या में। ऐसी सर्चिंग आरोपी के मोबाइल में देखेने को मिली है।
फंसाए गए लोगों से समझौते के तौर पर लेना चाहता था मोटी रकम
जानकारी के अनुसार जिन चार लोगों के नाम आरोपी ने हत्या के लिए लिखवाए थे उनसे वह समझौते के तौर पर मोटी रकम लेने की फिराक में था। उसका 40-50 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। पुलिस ने जिन्हें आरोपी बनाया था उनमें एक नव-निवार्चति सरपंच मनोहर मीणा थे जो उस दिन भजन मंडली में थे। दूसरा बालकिशन जिसे शाम के समय दिखाई ही नहीं देता। तीसरा सोनू जो कि खाटू श्यामजी जा रहा था और ट्रेन में था। उसी रात उसने पुलिस को वीडियो कॉल कर बता दिया था कि वह ट्रेन में है। वहीं, हुकूम मीणा भी घर पर सो रहा था।
दोनों पति-पत्नी में होते थे विवाद
मृतक पूजा और उसके पति आरोपी बद्रीप्रसाद में आए दिन विवाद होते थे। 10 साल का उनका बेटा है, जिसे पूजा भोपाल पढ़ाना चाहती थी। शिफ्ट होने को लेकर विवाद होते थे। जिससे यह परेशान था। धीरे-धीरे कर्ज बढ़ता गया। फिर इसने बीमा कराया और हत्या की साजिश रची।