भाजपा की वापसी की नब्ज टटोलने छत्तीसगढ़ जाएंगे नड्डा-शाह, कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शीघ्र ही छत्तीसगढ़ आएंगे। नड्डा के इसी महीने के अंत में और शाह के अगले महीने के पहले हफ्ते में आने का कार्यक्रम बन रहा है। दोनों नेता यहां पार्टी संगठन की समीक्षा बैठक लेंगे। साथ ही पार्टी के कामकाज और मोदी सरकार की योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद भी करेंगे। पार्टी के स्तर पर दोनों नेताओं के दौरे को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
26 से 28 के बीच कार्यक्रम
पूर्व CM और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने मीडिया को बताया कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय है। हो सकता है वो 26 -27 को आएं या 27-28 अगस्त को आएं। उनका दो दिन का प्रवास रहेगा। वो बूथ में जाएंगे, मंडल स्तर तक जाएंगे, जिले में जाएंगे, प्रदेश के कोर ग्रुप से बात करेंगे। दो दिनों तक प्रदेश में रहेंगे।
डॉ रमन सिंह ने कहा कि इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम निर्धारित है। वो भी आएंगे और समाज के सभी वर्गों के साथ बात करेंगे। विकास की गौरवशाली यात्रा जो मोदी जी के नेतृत्व में देश ने देखी है, जो परिवर्तन आया उस पर वो बात करेंगे। आने वाले दिनों में भारत शीर्ष स्थान पर पहुंचेगा। देश में बदलाव का काम हो रहा है। आकांक्षी जिलों पर काम किया गया, इस पर अमित शाह चर्चा करेंगे।
2023 के चुनावों पर नजर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सियासी थिंक टैंक का काम करने वाले अमित शाह साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को भी परखेंगे। प्रदेश भाजपा के केंद्रीय संगठन ने चुनाव को देखते हुए हर मोर्चे को अलग-अलग लक्ष्य दिया है। युवा मोर्चा को बेरोजगारी टेंट लगाने का निर्देश दिया गया है। आकांक्षी जिलों के कामकाज की समीक्षा रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपी गई है। अमित शाह इस रिपोर्ट के आधार पर केंद्र की योजनाओं के प्रभाव का आकलन करेंगे। शाह ये भी देखेंगे कि केंद्र की योजनाओं के जरिए लोग भाजपा से खुद को कनेक्ट कर पाए।





