निगम के कर्मचारी ही वेतन के लिए भटक रहे हैं उन पर ध्यान दें महापौर
राजनांदगांव। भारतीय जनता युवा मोर्चा के उत्तर मंडल अध्यक्ष सज्जन सिंह ठाकुर व् दक्षिण मंडल अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव ने नगर निगम महापौर हेमा देशमुख पर पलटवार करते हुए कहा है कि तमाम विवादों में घिरी महापौर भाजपा को ज्ञान बांटने का कष्ट न करें । भाजयुमो के अध्यक्षद्व्य ने जारी बयान ने कहा कि महापौर बेरोजगारों के लिए लड़ने वाली लड़ाई की खिलाफत कर रही हैं । उन्हें पहले नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों के भुगतान के विषय में सोचना चाहिए जो कई माह से अपने पैसों के लिए भटक रहे हैं ।

जनता के हित की बात करने वाली महापौर पहले ये बताएं कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के तहत बनी दुकानों को आखिर क्यों दूसरे लोगों को बेच दिया गया और वाजिब लोग अब तक भटक रहे हैं? दोनों अध्यक्षों ने महापौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं के हित में काम करने को लेकर महापौर हेमा देशमुख ने जिस तरह का बयान जारी किया है उससे साफ़ जाहिर होता है कि वो चाहती हैं कि युवा बेरोजगार रहें और कांग्रेस के पास हमेशा मुद्दा रहे उन्हें रोजगार दिला के वोट मांगने के लिए । प्रखर श्रीवास्तव एवं सज्जन ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री शिवरतन शर्मा जी ने जब बेरोजगारों के आंकड़े पर सरकार को घेरा था तो आखिर क्यों प्रदेश के मुख्यमंत्री निरुत्तर हो गए थे और आंकड़े गलत उपलब्ध कराये थे । उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र हमेशा से युवाओं के खिलाफ रहा है और महापौर हेमा देशमुख भी संस्कारधानी के युवाओं के जागने से इस खौफ में हैं कि कहीं युवा जाग ना जाएं और नगर निगम में उनके दवारा किये जा रहे भ्रष्टाचार के किस्से आम न हो जाएँ और युवा आक्रोशित ना हो जाएँ ।