डबल डेकर बस में ट्रक ने मारी टक्कर, दर्दनाक हादसे में चार की मौत, 24 से ज्यादा घायल

बाराबंकी में डबल डेकर बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हैं, इनमें छह की हालत गंभीर है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से छह लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस वक्त हुआ जब यह डबल डेकर बस रास्ते में पंक्चर हो गई और ड्राइवर इसका टायर बदलने लगा। उसी समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यात्रियों के मुताबिक, बस में करीब 150 यात्री सवार थे। सभी नेपाल के रहने वाले हैं। ये सभी गोवा मजदूरी के लिए जा रहे थे।
हादसा बाराबंकी में रामनगर थाना इलाके के महंगूपुर गांव के पास हुआ। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ एक डबल डेकर बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। दरअसल डबल डेकर बस बहराइच के रुपैडीहा से गोवा के लिए जा रही थी, उसी समय महंगूपुर गांव के पास पंक्चर हो गई।
बस का चालक रोड किनारे बस का टायर बदलने लगा। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बाराबंकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहां से छह लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के जानकारी मिलते ही आनन-फानन में रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।



