दोस्त का जन्मदिन मनाने गए पांच नाबालिग नदी में डूब गए, हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई है, फिलहाल दो बच्चों की तलाश की जा रही है।
कटनी जिले के एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा खुर्द में देर शाम कटनी नदी के किनारे पिकनिक मनाने के दौरान नहाने गए पांच बच्चों की गहरे पानी में डूब गए। तीन बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं, दो अन्य की तलाश जारी है। नदी में डूबे सभी बच्चों की उम्र 13 से 15 साल के बीच की है। कटनी होमगार्ड और जबलपुर एसडीआरएफ की टीम फिलहाल दो और बच्चों की तलाश कर रही है। मौके पर कटनी तहसीलदार, एनकेजे थाना प्रभारी सहित अधिकारी और पुलिस मौजूद है।
दोस्त का जन्मदिन मनाने गए थे
बताया जा रहा है कि सभी बच्चे आयुष विश्वकर्मा (15 साल) का जन्मदिन मनाने के लिए नदी के किनारे गए थे, इसी दौरान वह नदी में नहाने के लिए उतरे, जब देर शाम तक सभी घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। नदी के किनारे बच्चों के कपड़े मिले जिसके बाद उनके डूबने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। होमगार्ड की गोताखोर टीम बोट में सवार होकर नदी पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बचाव टीम ने लगभग 8 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। देर रात साहिल चक्रवर्ती पिता शिवचरण चक्रवर्ती (उम्र 15 साल) का शव निकाला गया। इस बीच जबलपुर से भी टीम बुलाई गई। रात में प्रकाश की व्यवस्था कम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही थी, जिसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गईं। सुबह चार बजे सूर्या विश्वकर्मा पिता सोने लाल (उम्र 15) और अनुज सोनी पिता मनोज सोनी (उम्र 13 वर्ष) का शव नदी से बरामद किया गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि आयुष का जन्मदिन था और उसी के चलते बच्चे पिकनिक मनाने आये थे। फिलहाल महपाल सिंह और आयुष की तलाश जारी है।
रेस्क्यू में आ रही मुश्किल
नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं. गांव से नदी घाट की दूरी 1 किलोमीटर है और रास्ते में काफी अंधेरा है. बच्चों के रेस्क्यू में काफी दिक्कत आ रही है. हालांकि किसी तरह तरह घाट किनारे रोशनी की व्यवस्था की गई है. अंधेरा होने से अधिकारियों को प्रारंभिक रूप से कुछ परेशानी आ रही है. रास्ता बेहद दुर्गम और पगडंडी से भरा है.
ये 5 बच्चे नदी में डूबे
एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर बच्चों की तलाश कर रही है. जिसमें एक बच्चे का शव मिला है. बाकि डूबने वालों में साहिल, सूर्य विश्वकर्मा, आयुष विश्वकर्मा ,महिपाल सिंह, अभि सोनी सभी देवरा खुर्द के रहने वाले है. जिसमें आयुष विश्वकर्मा का आज जन्मदिन है.