कांकेर के भानुप्रतापपुर उपचुनाव में सियासत गरमा गई है। NSUI महासचिव के दुष्कर्म मामले में पकड़े जाने के बाद शनिवार को युवतियां और महिलाएं सड़क पर उतर आईं और प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा ने भी उनका सपोर्ट करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। कहा कि महिलाओं की आबरू लूटने वालों को कांग्रेस चुनाव सह प्रभारी बना रही है।
दरअसल, एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव को एक दिन पहले पुलिस ने छात्रा से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया था। कांग्रेस ने उसे उपचुनाव में सह प्रभारी की जिम्मेदारी थी। इसके बाद शनिवार को तमाम युवतियां व महिलाएं सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। भाजपा और एबीवीपी ने उनके इस प्रदर्शन को समर्थन देते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की बात कही है। भाजपा नेता केदार कश्यप, देव लाल ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि कांग्रेस महिला प्रत्याशी को टिकट देती है। दूसरी तरफ महिलाओं की आबरू लूटने वाले को सह प्रभारी बनाया है। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कांग्रेस ने चुप्पी साध रखी है। महिला उत्पीड़न कांग्रेस का चरित्र हो चुका है। कांग्रेस बस्तर की जनता से माफी मांगनी चाहिए।