राजनंादगांव। शासकीय कमला देवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के राजनीति विज्ञान विभाग में राष्ट्रीय मतदाता दिवस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में मनाया गया।
कार्यक्रम का आगाज मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर पुष्प अर्पित कर किया गया। एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा भागबती साहू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
प्राचार्य डा. मिश्रा का स्वागत एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा भागबती ने और डॉ. साव प्राध्यापक अर्थशास्त्र का स्वागत एमए चतुर्थ सेमेस्टर की भानेश्वरी ने तथा डॉ. दुर्गा शर्मा अतिथि व्याख्याता राजनीति विज्ञान का स्वागत सुश्री प्रतिमा नेताम ने पुष्प गुच्छ से किया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा ने मतदान के महत्व को स्पष्ट किया और मतदान के संबंध में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. एमएल साव प्रोफेसर अर्थशास्त्र ने मतदान क्यों आवश्यक है समझाया।
राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्ष सुश्री आबेदा बेगम ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर छात्राओं को बताया कि लोकतंत्र मानवीय समानता को स्वयं सिद्ध मान लेता है और राजनीतिक समानता तभी आ सकती है, जब नागरिक मताधिकार का प्रयोग करें। सरकार के कानून और नीतियां सब से संबंधित होते हैं और सब इससे प्रभावित होते हैं, इसलिये निर्णय में सब की सहभागिता होनी चाहिए। प्रत्येक मतदाता जिनका नाम निर्वाचक नामावली में है, उन्हें निश्पक्ष रूप से अपने मत का प्रयोग बुद्धिमतापूर्ण तरीके से करना चाहिये। मतदान निर्भीक होकर करना चाहिए। विभागाध्यक्ष ने उन्हें शत-प्रतिशत मतदान करने हेतु प्रेरित किया।
राजनीति विज्ञान की अतिथि व्याख्याता डॉ. दुर्गा शर्मा ने शिक्षा संपत्ति, लिंग और अन्य किसी भेदभाव के बिना मताधिकार के प्रयोग का आव्हान किया।
एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा सुश्री भागबती साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति के मत की अहमियत है, जो देश की राजनीति और शासन की दिशा को तय करता है। हर मतदाता के लिए जरूरी है कि अपने मत का बिना किसी लालच के समझदारी से उपयोग करें। लोकतंत्र में मतदान की प्रक्रिया से ही प्रतिनिधियों को चुना जाता है।
एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा भानेश्वरी साहू ने मतदाता की भूमिका पर विचार रखे।
द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा सुश्री निशि ठक्कर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस और मतदाता के कर्त्तव्य पर प्रकाश डाला। एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा सुश्री नम्रता चौरे ने मतदाता जागरूकता के बारे में बताया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा, डा. एमएल साव प्राध्यापक अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्ष सुश्री आबेदा बेगम और अतिथि व्याख्याता डॉ. दुर्गा शर्मा राजनीति शास्त्र तथा जनभागीदारी टीचर सुश्री हर्षा कुशवाहा और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन सुश्री आबेदा बेगम विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापक राजनीति शास्त्र ने किया।