राजनांदगांव। जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री महेन्द्र यादव ने केंद्रीय बजट को आम जनता के विशवास पर कुठाराघात बताते हुए कहा कि केंद्रीय बजट में आम लोगों के हित में किसी भी प्रकार का कोई प्रावधान नहीं है। महेन्द्र यादव ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है, जिससे किसान वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। निराशाजनक इस बजट में गरीबों के लिए कोई नई योजना नहीं है और ना ही युवाओं को किसी प्रकार का कोई तोहफा दिया गया है।
श्री यादव ने आगे कहा कि केंद्रीय बजट में महंगाई पर लगाम जैसी कोई बात नहीं है, मध्यम एवं गरीब वर्ग के लोगों को कोई राहत नहीं दिया गया है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों में कोई कमी नहीं की गयी है। सोना-चॉदी के दाम बढ़ाकर महिलाओं को आभूषण पहनने से दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की बात करने वाली केन्द्र सरकार बेरोजगारी दूर करने 8 साल में 18 करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देने का वादा भूल कर नौकरी देने कोई प्रावधान नहीं किया है। श्री यादव ने कहा कि सरकार एक तरफ इनकम टैक्स स्लेब में कमी कर रही है, वहीं दूसरी ओर हाउसिंग लोन के ब्याज दरों में वृद्धि कर के आम जनता को लूटने की योजना बना ली गई है।