राजनांदगांव।बस्तर में लगातार नक्सल वारदातों में भाजपा नेताओं सहित निर्दोष ग्रामीणों की हत्या के मामलों पर भाजयुमो ने आक्रोश जताते हुए मशाल रैली निकाली। प्रदेश में बढ़ती अराजकता और असुरक्षा के भाव को लेकर कानून व्यवस्था की आलोचना की गई। बुधवार की शाम यह प्रदर्शन किया गया। वरिष्ठ नेताओं के साथ भाजयुमो के नेता – कार्यकर्ता मशाल लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
बुधवार की शाम वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में भाजयुमो नेता महावीर चौक में जुटे। यहां से शुरु मशाल लेकर निकले नेता पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर नारेबाजी करते हुए बढ़े। आखिर में प्रदेश में नक्सल वारदातों में नारायणपुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू, बीजापुर मण्डल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम एवं भारतीय जनता पार्टी जिला मंत्री बस्तर बुधधाम करटाम की निर्मम हत्या नक्सलियों द्वारा कर दी गई थी। जिसपर आज पर्यन्त तक कोई कार्यवाही नही की गई है। कुछ ही दिनों पूर्व एक बार फिर दंतेवाड़ा के बारासूर क्षेत्र के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूर्व सरपंच रामाधर की निर्मम हत्या कर दी गई। लगातार वारदातों में भाजपा नेताओं का निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा नेताओ सहित निर्दोष ग्रामीणों की हत्या, बढ़ती अराजकता पर भाजयुमो ने पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी अमित पटेल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान
भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने कहा कि – बस्तर में भाजपा नेताओं की टारगेट किलिंग हो रही है। हथियार बंद नक्सली घटनाओं को बगैर किसी डर के घरों में घुसकर अंजाम दे रहे हैं। नक्सल वारदतों पर नकेल कसने में सरकार और उनकी पुलिस नाकाम है। इसी तरह प्रदेश में युवतियों, बालिकाओं के शोषण के बढ़ते अपराध भी चिंताजनक है। प्रदेश में यौन शोषण, हत्या और आत्महत्या के एनसीआरबी के आंकड़े बुरे हालात बताने काफी है।