ग्वालियर जिले में पुलिस बीते छत्तीस घंटे से लापता हुए एक पालतू कुत्ते की तलाश में दिन-रात एक किए हुए है। लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। यह कुत्ता कार से दिल्ली से भोपाल जा रहा था। लेकिन ग्वालियर जिले में जंप करके भाग निकला। यह डॉग मध्यप्रदेश कैडर के एक आईएएस अधिकारी का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कार द्वारा दिल्ली के लिए दो कुत्ते ले जाए जा रहे थे। कार में सवार लोगों ने खाना खाने के लिए ग्वालियर के बिलौआ इलाके में एक ढाबे पर कार को रोका और खाना खाने के लिए बैठ गए। इस बीच अचानक दोनों कुत्ते चैन छुड़ाकर भाग निकले। स्टॉफ के लोग कुत्तों के पीछे भागकर भी गए। एक किलोमीटर आगे जाकर एक कुत्ता तो उनके हाथ लग गया, लेकिन दूसरा अभी तक हाथ नहीं लगा है।
बताया गया है कि यह दोनों कुत्ते भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राहुल द्विवेदी के थे। राहुल अभी दिल्ली में पदस्थ हैं और वे मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अफसर अनय द्विवेदी के भाई बताए जा रहे हैं। अनय द्विवेदी ग्वालियर नगर निगम के आयुक्त रह चुके हैं। वहीं, इस मामले में विलुआ थाना प्रभारी से जानकारी जुटाई तो उन्होंने बताया कि अभी पालतू कु्त्ता नहीं मिला है, उसकी तलाश की जा रही है।
भोपाल से आया फोन तब पुलिस हुई हलकान
बताया गया कि कर्मचारियों ने इस घटना की खबर अपने बॉस को दिल्ली में दी। उन्होंने घटना से भोपाल अपने भाई को अवगत कराया। भोपाल से आईएएस अधिकारी ने ग्वालियर में पुलिस और प्रशासन के अफसरों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कम्प मच गया। इसके बाद से नगर निगम, पुलिस और प्रशासन रात दिन एक किए हुए हैं, लेकिन अभी तक गायब हुए डॉग का कोई सुराग नही मिल सका है।
जगह-जगह लगाए पोस्टर
हालांकि अफसर इस मामले में कुछ भी नही बोल रहे हैं, लेकिन पूरा अमला खोजबीन में लगा है। पता न चलने पर आज प्रशासन में जगह जगह इसके पोस्टर भी लगाए है जिसमें पता बताने वाले को उचित इनाम देने की भी घोषणा की गई है।