यूपी के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हरदोई जिले के सांडी-शाहाबाद मार्ग पर ग्राम दुलारपुर के पास रविवार रात करीब 12 बजे बाइक में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार महेश (42) निवासी ग्राम हमजापुर थाना लोनार और बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी जयपाल (40) निवासी ग्राम खरौली की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों देर रात ग्राम सरंगापुर थाना लोनार में एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। हादसे के जानकारी मिलते ही दोनों के घरों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।