MP – बीच सड़क पर युवती ने खाया जहर, बस संचालक पर दुष्कर्म की धमकी देने और जहर पिलाने का लगाया आरोप

दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में आने वाले कुआंखेड़ा गांव में शुक्रवार शाम सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती बेहोश मिली जो कुम्हारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 100 उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां युवती ने एक बस संचालक पर दुष्कर्म की धमकी देकर जबरदस्ती जहर पिलाने के आरोप लगाए हैं। युवती ने बताया कि मंगलवार को आरोपी बस संचालक आरिफ खान मेरे घर पहुंचा और मुझे एक मोबाइल दिया और धमकी देकर कहा था कि वह शुक्रवार को कुम्हारी आ जाए। मैं डर के कारण कुम्हारी पहुंची, तो मुझे एक मेडिकल पर भेजा और कहा कि वहां से एक दवा ले लो। मैंने वह दवा ली और फिर मुझे एक बस में बिठा दिया। मैं पटेरा पहुंची, तो फिर मुझे बस से उतारा और कहा कि एक मिठाई की दुकान से मिठाई लेकर आओ। मैं मिठाई लेकर आरोपी के पास पहुंची तो उसने कहा कि इस दूसरी बस में बैठो और कुआं खेड़ा गांव में जाकर उतर जाना। मैं कुआ खेड़ा गांव में उतर गई। मुझे फिर फोन आया और आरोपी आरिफ ने मुझसे कहा कि जो दवा मैंने तुम्हें दी है उसे तुम खा लो, यदि नहीं खाओगी तो मैं तुम्हारे साथ दुष्कर्म करूंगा और तुम्हारे माता-पिता की हत्या कर दूंगा इसलिए डर के मारे मैंने दवा खा ली। उसके बाद मुझे होश नहीं।
हटा टीआई मनीष मिश्रा ने बताया कि युवती बेहोशी की हालत में डायल 100 पुलिस को मिली थी। उसे हटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती ने कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उसके बयान दर्ज किए है। बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। टीआई का कहना है कि अभी वह आरोपी का नाम नहीं बता सकते। मामले की जांच चल रही है। हालांकि युवती ने पहले ही आरोपी के नाम का खुलासा कर दिया है। उसने आरोपी की एक और करीबी सुल्ताना नाम की युवती पर भी उसे जबरन दबाव बनाकर दवा खिलाने का आरोप लगाया है। अब पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि आरोपी आरिफ खान बस ऑपरेटर है, जो पटेरा का निवासी है। नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार ने बताया कि छात्रा ने बस संचालक आरिफ खान पर जहर पीने के लिए दबाव बनाने की बात कही है।





