राजनांदगांव. रामदरबार चौक के पास मौजूद एक बार के सामने खड़ी कार से 11 लाख रुपए की चोरी हो गई। अज्ञात आरोपियों ने कार की कांच तोड़कर उक्त रकम चोरी की है। घटना को रेकी के बाद अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस ने संदेहियों तक पहुंचने का दावा किया है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। जानकारी मुताबिक एटीएम मशीनों को रकम रिफिल करने वाली एजेंसी के राघवेंद्र शुक्ला ने बार के बाहर कार खड़ी की थी, जिसमें 11 लाख रुपए कैश मौजूद था। राघवेंद्र की रेकी कर रहे अज्ञात आरोपियों ने मौका देखकर कार का शीशा तोड़ा और रकम निकालकर फरार हो गए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची। कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों से संदेहियों का सुराग मिल गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।