बालोद, 13 जून — चेक बाउंस के एक लंबे समय से फरार आरोपी को आखिरकार बालोद पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया शहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बालोद निवासी आशीष गोलछा पिता भीखमचंद गोलछा के रूप में हुई है, जो पूर्व में बालोद के सदर बाजार में सोने-चांदी की दुकान संचालित करता था।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब पीड़ित धीरज शर्मा ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बालोद के समक्ष चेक बाउंस की शिकायत दर्ज कराई थी। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 138 (चेक अनादृत) के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध इससे पहले भी कई बार वारंट जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
बालोद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आशीष गोलछा गोंदिया (महाराष्ट्र) में छिपा हुआ है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आशीष गोलछा को बालोद लाया गया, जहाँ उसे थाने में रखा गया और अगले ही दिन न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायिक प्रक्रिया के तहत अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आशीष गोलछा लंबे समय से बाजार से गायब था और उस पर आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप भी लगते रहे हैं। पुलिस की इस कार्यवाही को पीड़ित पक्ष ने राहत की सांस के रूप में देखा है।
लोगो ने इस गिरफ्तारी को पुलिस की एक बड़ी सफलता बताया है और कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बालोद पुलिस की इस तत्परता और सतर्कता की चारों ओर सराहना हो रही है।