KCG: नकली सौंदर्य प्रसाधनों पर प्रशासन सख्त : जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की 7 प्रतिष्ठानों में सघन जांच कार्रवाई सहित नमूना का संकलित किया गया
KCG: नकली सौंदर्य प्रसाधनों पर प्रशासन सख्त : जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की 7 प्रतिष्ठानों में सघन जांच कार्रवाई सहित नमूना का संकलित किया गया
खैरागढ़, 21 जुलाई 2025//
छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा नकली और निम्न गुणवत्ता वाली सौंदर्य प्रसाधन सामग्रियों के विक्रय पर रोक लगाने के लिए पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में भी औषधि निरीक्षक की विशेष कार्यवाही की गई।

श्रीमान नियंत्रक महोदय, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छ.ग. शासन के आदेश के परिपालन में, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा एवं सहायक औषधि नियंत्रक श्री हिरेन मनुभाई पटेल के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक श्री नवीन कुमार बघेल द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों में सौंदर्य प्रसाधनों के विक्रय प्रतिष्ठानों एवं मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान कुल 04 सौंदर्य प्रसाधन दुकानों एवं 03 मेडिकल स्टोर्स जहां विक्रय हेतु उपलब्ध विभिन्न क्रीम, लोशन, हेयर डाई, साबुन, फेस पैक आदि सौंदर्य प्रसाधन सामग्रियों के जांच के बाद नमूने संदेहास्पद पाए जाने पर गुणवत्ता परीक्षण के लिए विधिवत रूप से संग्रहित किए गए। नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां इनकी वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
औषधि निरीक्षक नवीन बघेल ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में नकली और अवैध सौंदर्य प्रसाधनों के क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की जा रही है। नकली या घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों का उपयोग न केवल उपभोक्ताओं की त्वचा और स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है, बल्कि यह उपभोक्ता अधिकारों का भी उल्लंघन है।
सहायक औषधि नियंत्रक श्री पटेल ने बताया कि जिले में इस प्रकार की निरीक्षण कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सौंदर्य प्रसाधन एवं औषधियां केवल प्रमाणित दुकानों से ही खरीदें और उत्पाद की पैकेजिंग, निर्माता का नाम, निर्माण और समाप्ति तिथि अवश्य जांच लें।
यह अभियान राज्य शासन की उस नीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपभोक्ता उत्पाद उपलब्ध कराना है।