ओस्तवाल बोले – निगम अधिकारियों की लापरवाही से गई जान, परिवार को 25 लाख मुआवजे की मांग
राजनांदगांव। कन्हारपुरी वार्ड में नाले के निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में आकाश साहू की मौत के बाद जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। शहर के पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने इस घटना को लेकर शहर के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ओस्तवाल ने पत्र में कहा कि निगम आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सब इंजीनियर, सहायक अभियंता और ठेकेदारों की लापरवाही से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। उन्होंने मांग की कि इन अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए और हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज हो।
उन्होंने यह भी कहा कि निगम में अधिकारी-कर्मचारी और ठेकेदारों की साठगांठ से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जिस पर रोक लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही, आकाश साहू के परिवार को शासन से 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए।
यह भी पढ़ें : Rajnandgaon: निर्माणाधीन नाले में गिरकर युवक की मौत, लापरवाही उजागर