तेदुआ File Photo
अंबागढ़ चौकी: आटरा ग्रामीणों ने घेराबंदी कर रखा, रात 10 बजे तक वन विभाग की टीम नहीं पहुंची
अंबागढ़ चौकी से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित आटरा गांव में शनिवार देर शाम एक तेंदुआ घुस आया। बताया गया कि तेंदुआ गांव के निवासी भैया राम यदु के मकान की बाउंड्री पार कर अंदर दाखिल हो गया। रात करीब 8:30 बजे भैया राम ने तेंदुए को घर के पीछे बाउंड्री पर बैठे हुए देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपने परिवार को बाहर निकाला।
तेंदुआ बाउंड्री पार कर मकान के भीतर घुस गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भैया राम के घर के बाहर एकत्र हो गए और तेंदुए की निगरानी में जुट गए। इस घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई, लेकिन रात 10 बजे तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।
गांव शिवनाथ नदी के किनारे बसा हुआ है और वन क्षेत्र से सटा है, जिससे जंगली जानवरों का आना-जाना लगा रहता है। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है।