Rajnandgaon: महावीर फर्नीचर दुकान में शीशा लगाने की मांग पर विवाद, ग्राहक ने दुकानदार व नौकर पर लगाया मारपीट का आरोप
राजनांदगांव। बसंतपुर बाजार चौक निवासी एक व्यक्ति ने महावीर फर्नीचर दुकान के संचालक और उसके नौकर पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़ित ग्राम सिंघोला में चिप्स की फैक्ट्री संचालित करता है और उसने कुछ दिन पहले अपने घर के लिए महावीर फर्नीचर, बसंतपुर से एक आलमारी खरीदी थी, जिसमें शीशा नहीं लगा था। दुकानदार ने बाद में शीशा लगाने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि आठ-दस दिन गुजरने के बावजूद जब शीशा नहीं लगाया गया, तो दिनांक 22 जुलाई 2025 को दोपहर 1 बजे पीड़ित दुकान पहुंचा और शीशा लगाने की बात की। इस पर दुकानदार ने कहा कि “तुम्हारे पैसे तो सामान चढ़ाने-उतारने में खर्च हो गए हैं, अब शीशा लगवाना है तो 600 रुपए और देने होंगे।”
जब पीड़ित ने अतिरिक्त पैसे देने से इंकार करते हुए पहले से दिए गए पैसों में ही शीशा लगाने का निवेदन किया, तो दुकानदार और उसके नौकर ने अश्लील गालियां दीं और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में शिकायतकर्ता को सिर के पीछे, कान के पास चोट लगी है।
घटना की जानकारी पीड़ित ने अपने घर वालों को दी और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।