राजनांदगांव। ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रेत खनन को लेकर हुए विवाद में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने घटना में गोली चलाने वाले आरोपी अतुल सिंह तोमर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जून की रात 7 से 7:30 बजे के बीच जेसीबी से अवैध रैम्प निर्माण के लिए एक चालक ग्राम मोहड़ नदी पहुंचा था। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तभी कार में सवार 7-8 लोग बाहर निकलकर ग्रामीणों से मारपीट करते हुए फायरिंग करने लगे। Rajnandgaon: मोहड़ रेत खनन फायरिंग : मोहड़ रेत प्रकरण में एक और गिरफ्तारी, आरोपी तोमर ने कबूला गोली चलाने का अपराध, भेजा गया जेल…
इस घटना की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025, धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 एवं माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण में पूर्व में तीन आरोपियों — भगवति निषाद, संजय रजक और अभिनव तिवारी — को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अब विवेचना के दौरान गठित पुलिस टीम ने मुरार ग्वालियर निवासी अतुल सिंह तोमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल रहकर गोली चलाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिनकी गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।