राजनांदगांव। शहर में व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अनुपम नगर द कलर्स हाइट्स निवासी इन्द्रजीत सिंह ने बसंतपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर बताया कि हरिओम नगर स्थित एस.टी. ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र सिंह राजपूत, तजिंदर कौर राजपूत, रिश्तेदार सुखमदीप सिंह राजपूत, संदीप सिंह राजपूत, तथा पंजाब और दिल्ली के रहने वाले जसविंदर सिंह, गुरुदेव सिंह, फिरोज अली ने मिलकर उसे व्यापार करने का झांसा देकर लगभग 1,53,60,067 रुपये की धोखाधड़ी की है।
पीड़ित इन्द्रजीत सिंह के अनुसार, वर्ष 2015 में उसकी मुलाकात मकाऊ में संदीप सिंह राजपूत से हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद संदीप के पिता सुरेंद्र सिंह राजपूत ने उसे एस.टी. ज्वेलर्स के नाम से व्यापार करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार से हर माह ₹2,50,000 से ₹3,00,000 तक का लाभ मिलेगा। पहले तो इन्द्रजीत ने मना कर दिया, लेकिन लगातार फोन कॉल और विश्वास दिलाने के बाद उसने अपनी और अपनी मां की जमा पूंजी निवेश कर दी।
शिकायत में बताया गया कि पीड़ित ने पंजाब नेशनल बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक के खातों से तथा अन्य माध्यमों से अलग-अलग समय पर लाखों रुपये ट्रांसफर किए। इन रकमों का विवरण इस प्रकार है –
- सुरेंद्र सिंह राजपूत (एस.टी. ज्वेलर्स के मालिक) के खाते में ₹37,26,650/-
- तजिंदर कौर राजपूत के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में ₹15,00,000/-
- सुखमदीप सिंह राजपूत के खाते में ₹21,11,000/-
- संदीप सिंह राजपूत के खाते में ₹14,470/-
- जसविंदर सिंह (अमृतसर) के खाते में ₹1,50,000/-
- गुरुदेव सिंह (अमृतसर) के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक खाते में ₹9,09,000/-
- फिरोज अली (दिल्ली) के एचडीएफसी खाते में ₹2,50,000/-
- एस.टी. ज्वेलर्स फर्म के खाते में ₹41,49,000/-
- पोस्ट ऑफिस खाते में ₹15,50,000/-
लगातार कई बार अलग-अलग खातों में रुपये जमा कराने के बाद भी न तो व्यापार शुरू हुआ और न ही लाभ मिला। इसके बाद इन्द्रजीत सिंह ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
पीड़ित ने कहा कि इस धोखाधड़ी के कारण उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बुरी तरह बिगड़ गई है। इन्द्रजीत सिंह ने पुलिस से गुहार लगाई है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी रकम वापस दिलाई जाए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र सिंह राजपूत, तजिंदर कौर राजपूत, सुखमदीप सिंह राजपूत, संदीप सिंह राजपूत, जसविंदर सिंह (अमृतसर), गुरुदेव सिंह (अमृतसर), फिरोज अली (दिल्ली) के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढे : Rajnandgaon: दिनदहाड़े चोरी, हजारों के जेवरात और सामान पार