राजनांदगांव। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने 11 महीने से फरार एनडीपीएस एक्ट के आरोपी राहुल देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके मोहारा स्थित घर से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
17 सितंबर 2024 को पुलिस ने आरोपी चन्द्रभान गौतम उर्फ चिन्टु को रजानगर डोंगरगढ़ में मजार के पास से 150 नग नशीली टेबलेट ALPRAZOLAM TABLETS I.P. 0.5 mg – SOZOX-0.50, बिक्री रकम ₹1000 और एक रेडमी मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसने बताया था कि ये टेबलेट मोहारा निवासी राहुल देवांगन ने उपलब्ध कराए थे।
घटना के बाद से राहुल फरार था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने घर आया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अगस्त-सितंबर 2024 में बिहार यात्रा के दौरान ट्रेन में एक अज्ञात व्यक्ति से 30 स्ट्रिप नशीली टेबलेट खरीदी थीं, जिनमें से 15 स्ट्रिप चिन्टु को बेची और बाकी खुद बेचता रहा।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से थाना बसंतपुर में आबकारी एक्ट के तहत अप.क्र. 590/2022 तथा थाना डोंगरगांव में अप.क्र. 339/2025 दर्ज है।
बिहार से खरीदी थी नशीली टेबलेट, 15 स्ट्रिप बेची चिन्टु को
गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन (23 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 47, मोहारा, राजनांदगांव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत कार्रवाई की गई। आज उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।