छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीनों सेनाओं में भर्ती की नयी अल्पकालिक ‘अग्निपथ योजना’ को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के सभी नौजवानों को चौकीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है. सीएम ने कहा कि रेलवे में भर्ती बंद है. अग्निपथ योजना का जिक्र करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि केवल चार साल के भर्ती कर रहे हैं, ये सब नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना देश और फौज के लिए घातक है.
‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ यहां आयोजित कांग्रेस के ‘सत्याग्रह’ में शामिल हुए बघेल ने यह दावा भी किया कि इस योजना से युवाओं का भविष्य, देश की सीमा और सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी.
सीएम बघेल ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान की सीमाओं की रक्षा करने वालों के साथ केंद्र सरकार अपमानजनक व्यवहार कर रही है. इस योजना से युवाओं का भविष्य, देश की सीमा और सुरक्षा खतरे में है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सभी नौजवानों को सैनिक नहीं, चौकीदार बनाना चाहती है.
ईडी की कार्रवाई पर उठाये सवाल
सीएम बघेल ने ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा, ‘‘महंगाई, बेरोजगारी और राफेल घोटाले के खिलाफ राहुल गांधी ने आवाज उठाई, यही कारण है कि उनकी आवाज को केंद्र सरकार बंद करना चाहती है. बीजेपी कांग्रेस को कमजोर करना चाहती है, इसलिए ईडी के माध्यम से राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी का एकमात्र उद्देश्य उस आवाज को बंद कर देना है, जो देश के दबे कुचले, शोषित लोगों की आवाज बन गयी है.’’